जायसवाल समाज द्वारा होली मिलन समारोह नौ को

लखनऊ। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जायसवाल समाज लखनऊ द्वारा 22वां होली मिलन समारोह एवं वैवाहिक परिचय कार्यक्रम 9 मार्च को गांधी प्रेक्षागृह, कैसरबाग में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। होली मिलन में बृज की फूलों की होली मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। लखनऊ जायसवाल समाज के अध्यक्ष अजय जायसवाल और उत्तर प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के अध्यक्ष सुरेन्द्र जायसवाल ने बताया कि समारोह में विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय कराया जाएगा। अभी तक हजारों रिश्ते समाज द्वारा कराए जा चुके हैं। जो अपने अपने परिवार के साथ सुखी जीवन यापन कर रहे है। शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि होली मिलन एवं वैवाहिक परिचय की स्मारिका 2023 के विमोचन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा भी शामिल होंगे। स्मारिका में लगभग 1000 विवाह योग्य युवक-युवतियों के कलर चित्र सहित विवरण होंगे।

जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, सरकारी कर्मचारी, व्यवसाई, उद्योगपति आदि शामिल हैं। उन्होंने विभिन्न राजनैतिक दलों से आगामी नगर निकाय चुनाव में समाज के लोगों को प्रत्याशी भी बनाये जाने की मांग की। मीडिया प्रभारी अश्वनी जायसवाल ने बताया कि समाज के कार्यों एवम् आर्थिक रूप से कमजोर विवाह योग्य युवक युक्तियों की हर संभव मदद भी की जाती है। अगर कोई ऐसा व्यक्ति है जो रोजगार विहीन है तो उसकी भी सहायता समाज द्वारा की जाती है। समाज में जो निराश्रित महिलाएं हैं उनको प्रत्येक माह पेंशन दी जाती है। इसके अलावा समाज में जो मेघावी छात्र हैं जिन्होंने हाई स्कूल,इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 75% से अधिक अंक हासिल किया है उनको भी हर वर्ष छात्रवृत्ति दी जाती है।




